छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे सक्रिय रहेगा मानसून, दक्षिण-मध्य हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की गतिविधियां एक बार फिर बढ़ने के संकेत हैं। बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। राजधानी रायपुर में गुरुवार दोपहर करीब 3 बजे के बाद तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि प्रदेश में मौसमी बारिश सामान्य से 6 प्रतिशत कम दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। इस दौरान कुछ स्थानों पर भारी से लेकर अति भारी बारिश होने की संभावना है। गुरुवार को दुर्ग में प्रदेश का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। राजधानी रायपुर में 11 सितंबर को दिनभर आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। शहर के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ गरज-चमक और बौछारें पड़ सकती हैं। विभाग के अनुमान के अनुसार रायपुर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

प्रदेश में गुरुवार को पखांजूर में सबसे ज्यादा 5 सेमी बारिश दर्ज की गई। सोनहत और मालखरौदा में 4-4 सेमी, जबकि बिहारपुर और सूरजपुर में 3-3 सेमी वर्षा हुई। रघुनाथनगर, चांदो, बास्तानार, प्रेमनगर, बलरामपुर, बकावंड और दौरा कोचली में 2-2 सेमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रायपुर में 1 सेमी वर्षा हुई। मौसम विभाग ने सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी और गरियाबंद में बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका को देखते हुए अलर्ट जारी किया है।