रायपुर। यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, रीजनल ऑफिस रायपुर द्वारा अपने 80वें स्थापना दिवस के अवसर पर सामाजिक उत्तरदायित्व की दिशा में एक कदम के अंतर्गत आज शासकीय दूधाधारी बजरंग स्नातकोत्तर महिला महाविद्यालय, कालीबाड़ी, रायपुर में यातायात जागरूकता एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में यातायात रायपुर कमिश्नरेट की एसीपी ट्रैफिक सीमा अहिरवार उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में महाविद्यालय से लगभग 200 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान विद्यार्थियों को यातायात नियमों के पालन, हेलमेट की अनिवार्यता, सड़क सुरक्षा, सुरक्षित वाहन चालन एवं दुर्घटनाओं से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंतर्गत सामान्य ज्ञान एवं यातायात जागरूकता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में सही उत्तर देने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप हेलमेट का वितरण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को सुरक्षित व्यवहार, सुरक्षित सफर और सुरक्षित समाज का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए सड़क सुरक्षा को अपनी दैनिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
