रायगढ़। तमनार क्षेत्र में गुरुवार को लकड़ियों से लदा वन विभाग का ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के दौरान कई श्रमिक और चालक ट्रक में सवार थे, जिन्होंने किसी तरह केबिन तोड़कर बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। हालांकि रजी उरांव, पिता धनसाय उरांव, निवासी उर्दना रायगढ़ ट्रक के नीचे दब गया। उसकी कमर से नीचे का हिस्सा भारी वाहन के नीचे फंस गया था और उसकी हालत गंभीर बनी हुई थी।
बताया गया कि नागरामुड़ा तमनार से लकड़ियां लेकर ट्रक रायगढ़ डिपो जा रहा था। कसडोल और घटोरिया मंदिर के बीच अमरैय्या के पास सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे ट्रक पलट गया। सूचना मिलते ही तमनार थाना प्रभारी प्रशांत राव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से पहले ट्रक के नीचे की मिट्टी हटाकर श्रमिक को निकालने की कोशिश की गई, लेकिन भारी वजन के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद जेसीबी और स्थानीय कंपनी की हाइड्रा क्रेन की मदद से रेस्क्यू शुरू किया गया।
करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद ट्रक को सावधानीपूर्वक उठाकर श्रमिक को बाहर निकाला गया। पुलिस ने एंबुलेंस को पहले ही मौके पर बुला लिया था, जिससे घायल श्रमिक को तुरंत अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस, ग्रामीणों और राहत दल की तत्परता से समय रहते श्रमिक की जान बचाई जा सकी। हादसे के बाद तमनार पुलिस के रेस्क्यू प्रयास की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
