‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ का ट्रेलर रिलीज, फिर आमने-सामने अजय देवगन और तब्बू; इस बार किसका चलेगा दांव?

Follow Us

मुंबई। अजय देवगन की चर्चित ‘दृश्यम’ फ्रेंचाइजी की तीसरी फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ को लेकर दर्शकों का इंतजार अब और बढ़ गया है। फिल्म का ट्रेलर गोवा में आयोजित खास कार्यक्रम के दौरान रिलीज कर दिया गया, जहां पूरी स्टारकास्ट और मेकर्स मौजूद रहे। ट्रेलर सामने आते ही कहानी में आने वाले नए मोड़ और टकराव को लेकर फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ गई है। अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के रूप में नजर आएंगे। पिछली दोनों फिल्मों की तरह इस बार भी कहानी विजय और उसके परिवार के सामने खड़े एक गंभीर आपराधिक मामले के इर्द-गिर्द आगे बढ़ती दिखाई दे रही है। हालांकि इस बार हालात पहले से ज्यादा मुश्किल नजर आ रहे हैं।

तब्बू का किरदार विजय और उसके परिवार से बदला लेने के इरादे में दिखाई देता है, वहीं कहानी में प्रकाश राज की भी एंट्री हुई है, जो एक नए वकील की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में जयदीप अहलावत भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वह क्राइम ब्रांच के एसपी का किरदार निभा रहे हैं, जो विजय के परिवार तक पहुंचने के लिए पूरी ताकत लगा देता है। दूसरी ओर विजय भी इस बार आने वाले खतरे को लेकर पहले से ज्यादा सतर्क नजर आता है। ट्रेलर के संकेत बताते हैं कि तीसरे पार्ट में सिर्फ चाल और रणनीति ही नहीं, बल्कि किस्मत भी कहानी में बड़ा मोड़ ला सकती है।

‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ में अजय देवगन और तब्बू के साथ श्रिया सरन और रजत कपूर भी अपने पुराने किरदारों में लौट रहे हैं। वहीं प्रकाश राज और जयदीप अहलावत की एंट्री कहानी में नए समीकरण बनाने वाली है। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक कर रहे हैं, जबकि कुमार मंगत, संजीव जोशी और आलोक जैन इसके निर्माण से जुड़े हैं। फिल्म 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी और दशहरा-दिवाली की छुट्टियों का इसे बॉक्स ऑफिस पर फायदा मिलने की उम्मीद है।