बिलासपुर। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय के मंथन सभाकक्ष में उल्लास कार्यक्रम के अंतर्गत साक्षरता संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने अधिकारियों और कर्मचारियों को समाज से निरक्षरता दूर करने तथा अधिक से अधिक लोगों को साक्षर बनाने का संकल्प दिलाया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत संदीप अग्रवाल, एडीएम शिवकुमार बनर्जी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अपने आसपास रहने वाले निरक्षर व्यक्तियों को पढ़ना-लिखना सिखाने और उन्हें साक्षर बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर शिक्षा के महत्व पर चर्चा करते हुए समाज से निरक्षरता खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयासों की जरूरत बताई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों से उल्लास कार्यक्रम से जुड़कर निरक्षर लोगों को शिक्षा से जोड़ने की अपील की गई। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा और साक्षरता व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने कहा कि निरक्षरता दूर करना केवल किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों से अपील की कि वे अपने स्तर पर निरक्षर लोगों को पढ़ना-लिखना सिखाने के साथ उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने में योगदान दें।
