रायपुर। आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 जरूरत के समय लोगों तक शासन की सहायता पहुंचाने का माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप संचालित इस हेल्पलाइन के जरिए सरगुजा जिले के लुण्ड्रा तहसील अंतर्गत ग्राम बकनाकला, पोस्ट उदारी निवासी निलंबर सिंह के परिवार की समस्या का भी निराकरण हुआ। परिवार को आकाशीय बिजली से हुई मौत के बाद प्राकृतिक आपदा राहत राशि दिलाने की प्रक्रिया पूरी की गई।
निलंबर सिंह की भतीजी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से अचानक मौत हो गई थी। इस घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में था। प्राकृतिक आपदा के कारण हुई मृत्यु के बाद शासन के प्रावधानों के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता को लेकर परिवार को प्रक्रिया पूरी कराने में मदद की आवश्यकता थी। इसी सिलसिले में निलंबर सिंह ने सीएम हेल्पलाइन 1076 पर संपर्क कर अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत संबंधित राजस्व अधिकारियों तक पहुंचने के बाद मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू हुई। शिकायत मिलने के बाद तहसील स्तर पर प्रकरण की जांच की गई। जरूरी दस्तावेजों का सत्यापन और निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद राजस्व पुस्तक परिपत्र खण्ड 6-4 के संशोधित प्रावधानों के अनुसार प्राकृतिक आपदा राहत राशि मंजूर की गई। इसके बाद स्वीकृत राशि परिवार के लिए आर्थिक सहायता का आधार बनी। निलंबर सिंह ने बताया कि परिवार पहले ही अपूरणीय क्षति के दुख से गुजर रहा था, ऐसे में हेल्पलाइन के जरिए उनकी समस्या प्रशासन तक पहुंची और अधिकारियों की कार्रवाई से राहत राशि प्राप्त हो सकी।
निलंबर सिंह ने कहा, “मेरी भतीजी की आकाशीय बिजली से मृत्यु हो गई थी। मैंने इसके संबंध में सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद तहसीलदार के माध्यम से पूरी प्रक्रिया हुई और मुआवजा राशि खाते में आ गई। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को धन्यवाद देता हूं।” उन्होंने कहा कि मिली आर्थिक सहायता परिवार की क्षति की भरपाई तो नहीं कर सकती, लेकिन संकट की घड़ी में शासन से मिला यह सहयोग उनके परिवार के लिए महत्वपूर्ण संबल है।
