धमतरी। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 16 सितंबर को संभाग स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में 15 से अधिक निजी क्षेत्र की कंपनियां शामिल होंगी और विभिन्न पदों पर 1,400 से अधिक युवाओं की भर्ती की जाएगी। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में रोजगार मेला जिला परियोजना लाइवलिहुड कॉलेज, सिविल कोर्ट के सामने, धमतरी में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। इसमें 8वीं, 10वीं और 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के साथ स्नातक, बीएससी, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, नर्सिंग, आईटीआई, बीई एवं सीए उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी भाग ले सकेंगे।
शराब के नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, शिक्षा विभाग ने किया तत्काल निलंबित
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना होगा
रोजगार मेले में शामिल होने के इच्छुक अभ्यर्थियों को अपनी शैक्षणिक योग्यता के दस्तावेज, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड, बायोडाटा की छायाप्रति और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लाना होगा। साक्षात्कार में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को छत्तीसगढ़ रोजगार एप अथवा छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करना अनिवार्य है।
7 से 11 सितंबर तक प्री-प्लेसमेंट काउंसिलिंग
रोजगार मेले से पहले 7 से 11 सितंबर तक लाइवलिहुड कॉलेज में प्री-प्लेसमेंट एवं काउंसिलिंग कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इच्छुक अभ्यर्थी इन शिविरों में पहुंचकर रोजगार मेले के लिए पंजीयन करा सकते हैं।
इसके अलावा 8 सितंबर को आईटीआई मगरलोड, 9 सितंबर को जनपद पंचायत नगरी और 10 सितंबर को जनपद पंचायत कुरूद में भी प्री-प्लेसमेंट गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में शामिल होकर उपलब्ध रोजगार के अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है।
