बीजापुर में जवानों को नशे से दूर रहने का संदेश, ब्रह्माकुमारी संस्थान ने कराई जागरूकता कार्यशाला

Follow Us

बीजापुर। सोमवार 7 सितंबर 2026 को ब्रह्माकुमारी संस्थान के तत्वावधान में लोहाडोंगरी प्रांगण में जवानों के लिए नशा मुक्ति जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में नशे के विभिन्न प्रकारों और इसके कारण होने वाले शारीरिक, मानसिक, पारिवारिक, सामाजिक तथा आर्थिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यशाला में जवानों को नशे की आदत से बचने और इससे बाहर निकलने के लिए दृढ़ इच्छाशक्ति, सकारात्मक सोच, नियमित दिनचर्या, योग-ध्यान और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के उपाय बताए गए। राजयोग एवं ध्यान के जरिए तनाव को नियंत्रित करने, मानसिक शांति हासिल करने और आत्मसंयम विकसित करने के लिए भी जवानों को प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने का संदेश दिया गया। कार्यशाला के समापन पर जवानों ने नशे से हमेशा दूर रहने तथा अपने परिवार, साथियों और समाज के अन्य लोगों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
बीजापुर पुलिस की ओर से स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।