धमतरी में पत्नी की हत्या कर फांसी का रूप देने की कोशिश, पोस्टमार्टम से खुला राज; पति गिरफ्तार

Follow Us

धमतरी। भखारा थाना क्षेत्र में पत्नी की हत्या कर वारदात को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू (30) को गिरफ्तार किया है। मर्ग जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की प्रकृति मानववध सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार, मर्ग क्रमांक 47/2026 की जांच के दौरान वीणा ध्रुव की मौत संदिग्ध मिलने पर पुलिस ने परिजनों और गवाहों के बयान लिए। शव परीक्षण रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु को मानववध बताया। इसके बाद भखारा पुलिस ने अपराध क्रमांक 109/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के पति विवेक ध्रुव उर्फ गोलू, पिता राजकुमार ध्रुव, निवासी सुपैला से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पत्नी के मोबाइल फोन पर किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के बाद 4 सितंबर 2026 की शाम करीब 5 बजे उसने कमरे में कपड़े सुखाने के लिए इस्तेमाल होने वाली नायलॉन रस्सी से पत्नी का गला घोंट दिया। पुलिस का कहना है कि पत्नी की मौत के बाद आरोपी ने हत्या छिपाने के लिए शव को फांसी पर लटकाने का प्रयास किया, ताकि घटना आत्महत्या जैसी लगे।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल नायलॉन की रस्सी को उसके कमरे में बिस्तर के नीचे से गवाहों की मौजूदगी में बरामद कर जब्त किया। जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विवेक ध्रुव उर्फ गोलू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। धमतरी पुलिस के अनुसार गंभीर अपराधों में वैज्ञानिक और साक्ष्य-आधारित जांच के जरिए मामलों का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी है।