मुंबई। सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ इन दिनों ‘ऑरा यूरोप टूर 2026’ में व्यस्त हैं। इटली में हुए एक कॉन्सर्ट के दौरान उनका एक फैन मोमेंट सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। शो के दौरान एक फैन अपनी गर्लफ्रेंड के साथ स्टेज पर पहुंचा। फैन ने ऐसी टी-शर्ट पहन रखी थी, जिस पर पवित्र चिन्ह ‘एक ओंकार’ के साथ दिलजीत दोसांझ का नाम भी लिखा हुआ था। इसे देखकर दिलजीत भावुक हो गए।
दिलजीत ने टी-शर्ट पर बने पवित्र चिन्ह को देखते ही उस पर हाथ रखा और फैन से बेहद विनम्रता से बात की। उन्होंने अंग्रेजी में समझाया कि ‘एक ओंकार’ ईश्वर का पवित्र चिन्ह है और इसे उनके नाम के साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। सिंगर ने इस बात को काफी सम्मान और सहजता से समझाया, ताकि फैन को किसी तरह की शर्मिंदगी महसूस न हो। इस दौरान दिलजीत ने दोनों फैंस को शो में आने के लिए धन्यवाद दिया और उन्हें गिफ्ट भी दिए। इसके बाद उन्होंने दोनों को गले लगाकर मंच से विदा किया। दिलजीत के इस व्यवहार ने वहां मौजूद दर्शकों का दिल जीत लिया और इस पूरे पल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
वर्कफ्रंट की बात करें तो दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’ कुछ महीने पहले रिलीज हुई थी। फिल्म को लेकर विवाद के बाद इसे सिनेमाघरों के बजाय ओटीटी पर रिलीज किया गया था, जहां से बाद में इसे हटा दिया गया। इससे पहले वह पंजाबी फिल्म ‘सरदार जी 3’ में नजर आए थे, जिसने बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन किया था। फिलहाल दिलजीत ‘ऑरा यूरोप टूर 2026’ के तहत अलग-अलग जगहों पर परफॉर्म कर रहे हैं।
