राजनांदगांव। डोंगरगढ़ कृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित गोविंदा उत्सव इस वर्ष बिना किसी अप्रिय घटना के शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। पुलिस के अनुसार 5 सितंबर को आयोजित इस धार्मिक आयोजन में 50 हजार से अधिक श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बावजूद कहीं भी कानून-व्यवस्था नहीं बिगड़ी। पुलिस ने इसे पूर्व नियोजन, प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और नागरिकों के सहयोग का परिणाम बताया है।
उत्सव के दौरान शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से निकली, जबकि आत्मानंद स्कूल मैदान, गोल बाजार चौक, नाकापारा, देवेश्वरी पारा, देव नगर और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए पुलिस ने भीड़ प्रबंधन, यातायात नियंत्रण और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी।
Read more:- बस्तर की जनता जैसा विकास चाहेगी, वैसा ही होगा: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में आयोजन से करीब एक सप्ताह पहले सुरक्षा और यातायात की कार्ययोजना तैयार की गई थी। आयोजन समिति, डीजे एवं साउंड संचालकों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पूरे आयोजन में 300 से अधिक पुलिस अधिकारी और कर्मचारी तैनात रहे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी की।
पुलिस का दावा है कि इतने बड़े धार्मिक आयोजन में किसी प्रकार की भगदड़, दुर्घटना या गंभीर विवाद नहीं हुआ। डोंगरगढ़ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थल पर शांतिपूर्ण आयोजन को पुलिस ने प्रभावी भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा रणनीति की सफलता बताया है।
