रायपुर। राजधानी में चाकूबाजी की घटनाओं के बीच गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में पत्नी से अवैध संबंध के शक को लेकर एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति सेवाराम साहू को अपनी पत्नी के संबंधों को लेकर उमेंद्र वर्मा पर शक था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान सेवाराम ने उमेंद्र के सिर पर चाकू से लगातार वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमले के बाद मचा हड़कंप। चाकू के वार से युवक के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह खून से लथपथ हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद गुढ़ियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार। मामले में पुलिस ने आरोपी पति सेवाराम साहू को गिरफ्तार कर लिया है और संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस वारदात में इस्तेमाल चाकू के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय आरोपी के साथ कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शहर में चाकूबाजी और हथियारबंद अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
