नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 इलाके में करीब सुबह 5 बजे एक युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।यह वारदात न्यू अशोक नगर थाना क्षेत्र में हुई। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष बताई जा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
हत्या की सूचना मिलने के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान की जा सके।पुलिस के मुताबिक, मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है और मृतक की पहचान कराने के प्रयास भी जारी हैं।
सिक्योरिटी गार्ड ने बताई आंखोंदेखी
घटना के एक चश्मदीद सिक्योरिटी गार्ड नंदलाल यादव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने सुबह करीब 4 बजे कुछ लोगों को इलाके में देखा था। उनके मुताबिक, दो लोग एक व्यक्ति को लाठी-डंडों से पीट रहे थे।नंदलाल ने बताया कि आरोपियों ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी थी। डर के कारण वह वहां से हट गए और बाद में फोन कर पुलिस को घटना की सूचना दी।फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
