मुंबई। शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार आगाज किया है। फिल्म ने पहले ही दिन भारत में 24.75 करोड़ रुपये की शुद्ध कमाई दर्ज की। प्राइम वीडियो की चर्चित सीरीज पर आधारित इस फिल्म में पंकज त्रिपाठी कालीन भैया, अली फजल गुड्डू पंडित और दिव्येंदु शर्मा मुन्ना भैया के लोकप्रिय किरदारों में लौटे हैं। वहीं रवि किशन बब्बन यादव की भूमिका निभा रहे हैं। शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक फिल्म ने हिंदी संस्करण से 24.60 करोड़ और तेलुगु संस्करण से 15 लाख रुपये कमाए। दमदार ओपनिंग को देखते हुए वीकेंड में कारोबार बढ़ने की उम्मीद है।
‘हनुमान अंश’ ने भी कायम रखी पकड़। ‘मिर्जापुर द मूवी’ की रिलीज का धार्मिक कहानी पर आधारित फिल्म ‘हनुमान अंश’ के कारोबार पर फिलहाल बड़ा असर नजर नहीं आया। फिल्म ने रिलीज के 29वें दिन यानी पांचवें शुक्रवार को 10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म की कुल शुद्ध कमाई 82.88 करोड़ रुपये पहुंच गई है और अब यह 100 करोड़ के आंकड़े की ओर बढ़ रही है। ‘टॉक्सिक’ के कारोबार में आई गिरावट। यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ को नई रिलीज ‘मिर्जापुर द मूवी’ से बॉक्स ऑफिस पर चुनौती मिली। फिल्म ने रिलीज के 10वें दिन 1.75 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसका 10 दिनों का कुल शुद्ध कलेक्शन 241.05 करोड़ रुपये हो गया है। शुक्रवार को फिल्म दो करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर सकी।
‘इरुमुडी’ भी सिनेमाघरों में मजबूत। अभिनेता रवि तेजा की फिल्म ‘इरुमुडी’ ने रिलीज के 15वें दिन यानी तीसरे शुक्रवार को 4.65 करोड़ रुपये की कमाई की। इसके साथ ही फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 154.40 करोड़ रुपये पहुंच गया है। शुक्रवार के बॉक्स ऑफिस आंकड़ों से साफ है कि ‘मिर्जापुर द मूवी’ ने मजबूत शुरुआत की है और मौजूदा फिल्मों के बीच मुकाबला और दिलचस्प हो गया है।
