नई दिल्ली। गुजरात को आमतौर पर कच्छ के रण, सोमनाथ और द्वारकाधीश जैसे धार्मिक व पर्यटन स्थलों के लिए जाना जाता है, लेकिन राज्य में एक खूबसूरत हिल स्टेशन भी है, जो वीकेंड ट्रिप के लिए शानदार विकल्प बन सकता है। सह्याद्री की पहाड़ियों में बसा सापुतारा प्रकृति प्रेमियों के बीच खास पहचान रखता है। यहां का शांत माहौल, हरियाली और सुहावना मौसम पर्यटकों को आकर्षित करता है।
सह्याद्री की पहाड़ियों में बसा सापुतारा गुजरात के डांग जिले में स्थित राज्य का इकलौता हिल स्टेशन है। यह समुद्र तल से करीब 1000 मीटर की ऊंचाई पर है। सापुतारा नाम का अर्थ ‘सांपों का घर’ माना जाता है और स्थानीय मान्यताओं के अनुसार इसका संबंध यहां बहने वाली सर्पगंगा नदी से भी है। धार्मिक दृष्टि से भी इस जगह का विशेष महत्व बताया जाता है। मान्यता है कि भगवान श्रीराम ने अपने वनवास के 11 वर्ष इसी क्षेत्र में बिताए थे।
घूमने के लिए कई खूबसूरत जगहें सापुतारा में मौजूद हैं। सूर्योदय देखने के लिए वैली व्यू पॉइंट और सूर्यास्त के लिए गांधी शिखर पर्यटकों के पसंदीदा स्थान हैं, जहां पहुंचने के लिए छोटा ट्रेक करना पड़ता है। इसके अलावा सापुतारा झील में रो बोट, पैडल बोट और सेलबोट का आनंद लिया जा सकता है। यहां से करीब 50 किलोमीटर दूर स्थित गिरा जलप्रपात मानसून के दौरान खास तौर पर बेहद आकर्षक नजर आता है।
हटगढ़ किला भी है खास आकर्षण। गुजरात-महाराष्ट्र सीमा के पास स्थित यह किला सापुतारा से लगभग 5 किलोमीटर दूर है। बताया जाता है कि 17वीं शताब्दी में वीर शिवाजी ने इसे निगरानी के उद्देश्य से बनवाया था। प्राकृतिक सुंदरता, धार्मिक मान्यताओं और ऐतिहासिक स्थलों का मेल सापुतारा को एक शानदार वीकेंड डेस्टिनेशन बनाता है।
