रायपुर। शासकीय विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में तेलीबांधा पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। प्रार्थी विनोद कुमार वर्मा की शिकायत पर थाना तेलीबांधा में अपराध क्रमांक 381/2026 के तहत धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) बीएनएस में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान सामने आया कि छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड में डाटा एंट्री ऑपरेटर के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर बेरोजगारों को ठगा गया।
विवेचना में गवाह हेमंत साहू से पूछताछ के दौरान अहम सुराग मिले। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने नौकरी लगाने का भरोसा देकर हेमंत साहू से दो लाख रुपये लिए और बदले में फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र सौंप दिया। दस्तावेजों की जांच आगे बढ़ने पर पूरे मामले की कड़ी आरोपी कृष्णा अवस्थी तक पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने उसके खिलाफ इस प्रकरण में भी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस जांच में पता चला कि कृष्णा अवस्थी पिता कुंजराम अवस्थी (53 वर्ष), निवासी ग्राम रिसदा, थाना पलारी, जिला बलौदाबाजार पहले से ही थाना पलारी के अपराध क्रमांक 347/2026 में धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2), 3(5) बीएनएस के तहत दर्ज समान प्रकृति के मामले में न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है। इसलिए इस प्रकरण में पूछताछ के लिए न्यायालय से अनुमति लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फर्जी नियुक्ति पत्रों, दस्तावेजों तथा अन्य साक्ष्यों की जांच के साथ संभावित सहयोगियों की भूमिका भी खंगाल रही है। फिलहाल, जांच का दायरा लगातार बढ़ रहा है। पुलिस को आशंका है कि फर्जी नियुक्ति पत्रों के जरिए ठगी का यह नेटवर्क कई और लोगों को निशाना बना चुका है, जिससे आने वाले दिनों में नए खुलासे हो सकते हैं।
