भिलाई। ठेकेदारों, राजमिस्त्रियों और मजदूरों के सम्मान, अधिकार और स्वाभिमान को लेकर भिलाई में पदयात्रा निकाली जाएगी। छत्तीसगढ़ प्रदेश ठेकेदार राजमिस्त्री मजदूर कल्याण संघ के आह्वान पर आयोजित इस पदयात्रा का नेतृत्व सिविल ठेकेदार कल्याण संघ, भिलाई के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राजपूत करेंगे। संगठन के अनुसार पदयात्रा में करीब 200 से 250 ठेकेदार, राजमिस्त्री और मजदूर शामिल होंगे। पदयात्रा सुपेला घड़ी चौक से शुरू होकर डबरा पारा ओवरब्रिज के नीचे पहुंचेगी, जहां इसके बाद सभा का आयोजन किया जाएगा। सभा में संघ के प्रदेश और जिला पदाधिकारी मजदूरों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे।
संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि निर्माण कार्य से जुड़े राजमिस्त्री और मजदूर दिनभर मेहनत-मजदूरी में व्यस्त रहते हैं, जिसके कारण वे अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने और अपनी समस्याओं को सामने रखने का समय नहीं निकाल पाते। इसके चलते बड़ी संख्या में श्रमिक लंबे समय तक आर्थिक परेशानियों का सामना करते हैं और कई बार उन्हें आर्थिक व सामाजिक शोषण का भी सामना करना पड़ता है। संगठन का कहना है कि अब ठेकेदारों, राजमिस्त्रियों और मजदूरों को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से संघ के बैनर तले श्रमिकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनकी आवाज को मजबूत मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
पदयात्रा के जरिए संगठन मजदूरों के सम्मान, अधिकार, स्वाभिमान और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगा। संघ पदाधिकारियों के मुताबिक निर्माण क्षेत्र से जुड़े श्रमिक प्रदेश के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन उनके अधिकारों और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दे अब भी प्रभावी तरीके से सामने नहीं आ पाए हैं। पदयात्रा और सभा के माध्यम से इन मुद्दों को मजबूती से उठाने के साथ ठेकेदारों, राजमिस्त्रियों और मजदूरों को एकजुट करने का संदेश दिया जाएगा।
