दुर्ग। भिलाई स्टील प्लांट परिसर से करीब 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल चोरी कर कार से बाहर ले जाने की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में भिलाई पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये कीमत की कॉपर केबल और वारदात में इस्तेमाल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। जब्त सामान की कुल कीमत लगभग 80 हजार रुपये बताई गई है। घटना में शामिल कुछ अन्य आरोपियों की तलाश अभी जारी है।
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर को केऔसुब इकाई बीएसपी भिलाई की ओर से थाना भिलाई में शिकायत दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि कुछ लोग प्लांट परिसर में घुसकर स्क्रैब कॉपर केबल को कार में लोड कर बाहर ले जाने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान सीआईएसएफ की नजर संदिग्ध गतिविधि पर पड़ी और आरोपियों को पकड़ लिया गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और पूछताछ के आधार पर हरीश बाग, प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू, दीपक ठाकुर, अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू को हिरासत में लिया।
जांच में पुलिस के अनुसार सामने आया कि आरोपियों ने प्लांट परिसर से कॉपर केबल निकाली और उसे कार में लोड कर बाहर ले जाने का प्रयास किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनके द्वारा पेश किए जाने पर करीब 100 किलो स्क्रैब कॉपर केबल बरामद की। इसके अलावा चार मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा चोरी के लिए इस्तेमाल किए गए वाहन और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने पांचों आरोपियों को 4 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हरीश बाग (24), दीपक ठाकुर (24), प्रेम बंजारे उर्फ गुड्डू (25), अंकुश ठाकुर उर्फ नौउवा (20) और प्रीतम कुमार उर्फ पंचू (31) शामिल हैं। कार्रवाई में थाना भिलाई प्रभारी निरीक्षक दिलेश्वर चन्द्रवंशी, सउनि भारत सिंह चौधरी और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और औद्योगिक परिसरों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा एजेंसियों के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की है।
