*साप्ताहिक बाजारों में बरसाती आम की बहार, 10 रुपये नग बिक रहा आम*
दुर्गूकोंदल। आम का सामान्य मौसम बीतने के बाद भी दुर्गूकोंदल क्षेत्र के साप्ताहिक बाजारों में इन दिनों बरसाती आम की मांग देखने को मिल रही है। दुर्गूकोंदल, बरहेली और आमागुहान के साप्ताहिक बाजारों में किसान अपने खेतों में लगे बरसाती आम लेकर पहुंच रहे हैं। बाजार में मौसमी आम की उपलब्धता लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
ग्राम चेमल के किसान रामदास चुरगियां और बैसाखीन चुरगियां अपनी निजी जमीन पर लगे बरसाती आम के पेड़ों से प्राप्त फल को बाजार में बेचकर अच्छी आमदनी अर्जित कर रहे हैं। किसान बरसाती आम को 10 रुपये प्रति नग की दर से बेच रहे हैं।
रामदास चुरगियां और बैसाखीन चुरगियां ने बताया कि उनकी निजी जमीन पर बरसाती आम के दो पेड़ हैं। इनमें से एक पेड़ के आम की बिक्री पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरे पेड़ पर लगे आम को अब वे क्षेत्र के विभिन्न साप्ताहिक बाजारों में ले जाकर बेच रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाजार में लोग बरसाती आम को उत्सुकता के साथ खरीद रहे हैं, जिससे उन्हें और उनके परिवार को अच्छी आमदनी हो रही है।
किसानों का कहना है कि घर या खेत में लगे फलदार पेड़ कई बार अतिरिक्त आय का अच्छा साधन बन जाते हैं। बरसाती आम की बिक्री से उन्हें बिना किसी विशेष अतिरिक्त लागत के मौसमी आमदनी प्राप्त हो रही है। वहीं बाजार में सामान्य मौसम के बाद आम मिलने से खरीदार भी इसे उत्सुकता के साथ खरीद रहे हैं।

