*जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन, बढ़ती महंगाई को लेकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी*
कांकेर। लगातार बढ़ती महंगाई और रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हो रही वृद्धि के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर ने आज पुराना बस स्टैंड में ‘चीनी सत्याग्रह’ का आयोजन कर विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर के अध्यक्ष बसंत यादव के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेसजनों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई के मुद्दे पर विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान शक्कर का रेट कम करना होगा गए का नारा प्रमुख रूप से लगाया गया, जो पूरे प्रदर्शन के दौरान आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महंगाई कम करने और आम जनता को राहत देने की मांग को लेकर भी नारे लगाए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चीनी, खाद्य तेल सहित दैनिक उपयोग की आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम लोगों के घरेलू बजट पर पड़ रहा है। लगातार बढ़ती महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
गरीब और मध्यम वर्ग पर महंगाई की सबसे ज्यादा मार
‘चीनी सत्याग्रह’ के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कहा कि बढ़ती कीमतों से गरीब, मजदूर, किसान और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है। रसोई और दैनिक जरूरतों से जुड़ी वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि होने से परिवारों का मासिक बजट बिगड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महंगाई को नियंत्रित करने के लिए सरकार की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष बसंत यादव के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने कहा कि महंगाई केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं है, बल्कि यह सीधे आम आदमी के घर और रसोई से जुड़ा विषय है। खाद्य सामग्री एवं रोजमर्रा की जरूरतों के सामान की कीमत बढ़ने पर इसका सबसे ज्यादा असर सामान्य परिवारों पर पड़ता है। कांग्रेस ने ‘चीनी सत्याग्रह’ के माध्यम से इसी समस्या को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान आम जनता की परेशानियों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
“वाह रे भाजपा तेरा खेल, खा गए शक्कर पी गए तेल” के लगे नारे
पुराना बस स्टैंड में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में “महंगाई कम करो”, “आम जनता को राहत दो” और “वाह रे भाजपा तेरा खेल, खा गए शक्कर पी गए तेल” जैसे नारे लगाकर अपना विरोध जताया। नारों से पुराना बस स्टैंड क्षेत्र गूंज उठा।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि महंगाई पर नियंत्रण के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम नागरिक परेशान हैं और सरकार को जनता को राहत देने की दिशा में प्रभावी निर्णय लेने चाहिए।
जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक आवाज उठाने की बात
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि पार्टी आम जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाती रहेगी। महंगाई के कारण लोगों को हो रही परेशानियों को लेकर कांग्रेस सड़क पर उतरकर विरोध दर्ज करा रही है और आगे भी जनहित के मुद्दों पर संघर्ष एवं आंदोलन जारी रहेगा। जिला कांग्रेस कमेटी कांकेर द्वारा आयोजित ‘चीनी सत्याग्रह’ के माध्यम से कांग्रेस ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ विरोध दर्ज कराते हुए आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर अंकुश लगाने और आम जनता को राहत प्रदान करने की मांग की।
बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ता रहे मौजूद
आज आयोजित ‘चीनी सत्याग्रह’ एवं विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस के पूर्व महामंत्री पुरुषोत्तम पाटील, प्रदेश सचिव नवली मीना मांडवी, पवन कौशिक, आदिवासी कांग्रेस के सरजू शोरी, जिला महामंत्री उदय प्रकाश शर्मा बंटी, ब्लॉक अध्यक्ष यासीन करानी, राजेश भास्कर, गफ्फार मेमन, मनोज जैन, अजय भास्वानी, संग्राम नेताम, नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह रेनू, महिला कांग्रेस अध्यक्ष भारती सलाम, वरिष्ठ कांग्रेस नेता के.डी. मिश्रा, मकबूल खान, चंद्रलोक ठाकुर, विजय यादव, राम स्वरूप, मतीन खान, सोमेश सोनी, आलोक श्रीवास्तव, तरुण राय, यास्मीन खान, लक्ष्मी सहारे, रंजन गौस्वामी, विनोद नाग, विनय ठाकुर, सूरज सोनकर और महफूज अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
