कबीरधाम। जिले में पुलिसिंग को आम लोगों के और करीब लाने के लिए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने नई पहल शुरू की है। अब लोगों को अपनी शिकायत लेकर हर बार जिला मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ‘एक थाना-एक सप्ताह’ पहल के तहत हर सप्ताह जिले का एक थाना एक दिन के लिए पुलिस कप्तान का कार्यालय बनेगा। एसपी खुद पूरे दिन संबंधित थाने में मौजूद रहकर आम लोगों की शिकायतें सुनेंगे और क्षेत्र की पुलिसिंग की समीक्षा करेंगे।
इस अभिनव पहल की शुरुआत थाना सहसपुर लोहारा से हुई। एसपी ने थाने में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया। लोगों की समस्याएं और सुझाव सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी संबंधित थाना क्षेत्र में अपराध की स्थिति, लंबित प्रकरण, वारंटियों की तामीली, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और संवेदनशील क्षेत्रों की जानकारी लेंगे। अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से सीधे फीडबैक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी देंगे।
CG News: 20 साल की गौरवगाथा! सीआरपीएफ 195वीं बटालियन ने शहीदों को किया नमन
महिला सुरक्षा से साइबर अपराध तक फोकस
पहल के दौरान महिला एवं बाल सुरक्षा, साइबर अपराध, यातायात व्यवस्था, नशे और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण जैसे मुद्दों की भी समीक्षा होगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों से संवाद कर पुलिस को जमीनी स्तर की समस्याओं की जानकारी मिलेगी।एसपी केवल आम लोगों की शिकायतें ही नहीं सुनेंगे, बल्कि थाने में पदस्थ पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों से भी व्यक्तिगत और विभागीय समस्याओं पर चर्चा करेंगे। उनका कहना है कि बेहतर कार्य वातावरण और पुलिसकर्मियों का मनोबल प्रभावी पुलिसिंग की अहम कड़ी है।
अगले सप्ताह कुंडा थाना बनेगा ‘एसपी ऑफिस’
सहसपुर लोहारा के बाद अगले सप्ताह थाना कुंडा में पुलिस अधीक्षक स्वयं मौजूद रहेंगे। इसके बाद प्रत्येक सप्ताह अलग-अलग थानों में पहुंचकर जनसुनवाई, अपराध समीक्षा और पुलिसकर्मियों की समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। पुलिस का संदेश साफ है- ‘पुलिस जनता के बीच और जनता पुलिस के करीब।’ पहल का उद्देश्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को थाने और आम जनता के और करीब लाकर शिकायतों के त्वरित निराकरण के साथ स्थानीय स्तर पर अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को मजबूत करना है।
बांगो बांध मार्ग की बदहाली पर फूटा गुस्सा, सड़क पर उतरे ग्रामीण
