वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव 2026 में मंत्री केदार कश्यप ने किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिलाया संकल्प

Follow Us

कोंडागांव। जिले में विकास एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को विकासखंड बड़ेराजपुर के ग्राम पंचायत बीरापारा अंतर्गत ग्राम बावनपुरी, विश्रामपुरी में वनमंडल स्तरीय वन महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन छत्तीसगढ़ वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, वन परिक्षेत्र बड़ेराजपुर-विश्रामपुरी एवं वनमंडल केशकाल द्वारा किया गया।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के वन मंत्री केदार कश्यप ने मैंदा प्रजाति के पौधे का रोपण कर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। यह पौधारोपण वन विभाग, विकसित भारत जीरामजी और भारत माला परियोजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस अवसर पर केशकाल विधायक नीलकंठ टेकाम सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने हमारा संकल्प – एक पेड़, एक जीवन; हरित भारत, स्वस्थ भारत की शपथ ली। सभी ने अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान पेड़ों को राखी बांधकर प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि क्षेत्र को हरा-भरा बनाना बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि केशकाल विधानसभा क्षेत्र के सभी शासकीय संस्थानों में ग्रीन बाउंड्री विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पौधों की नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने तथा पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। वन मंत्री कश्यप ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत देशवासियों से आह्वान किया कि अपने मां के नाम से परिवार के नाम से पेड़ लगाएं और देखभाल भी करें।

मुख्यमंत्री के मंशानुरूप वन विभाग संरक्षण की दिशा अच्छा काम कर रहा है। वनों का क्षेत्र बढ़ रहा है। इसमें आपकी भी सहभागिता है। प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प से आज पूरा देश और बस्तर माओवाद से मुक्त हुआ है। सेना के जवानों के जज्बे को सलाम करता हूँ। उन्होंने 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर अपने घरों में दिए अवश्य जलायें। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में तीर्थ यात्रा योजना और राम लला दर्शन योजना से नागरिकों को दर्शन का लाभ मिल रहा है। उन्होंने नागरिकों से वृक्ष कटाई से बचाने और लघु वनोपजो के संग्रहण और प्रसंस्करण का लाभ लेने की अपील की।

कार्यक्रम में राज मोहिनी देवी अनुदान योजना के अंतर्गत तीन हितग्राहियों को 02 लाख 30 लाख रूपए का चेक, प्रतिभाशाली छात्रवृत्ति योजना के तहत 06 छात्राओं को कुल 01 लाख 20 हजार रूपए की राशि, सर्वाधिक तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले वर्ष 2026 के 03 संग्राहकों को 01 लाख 31 हजार रुपए का चेक और वर्ष 2023 के 03 संग्राहकों को 48 हजार 606 रुपए का चेक प्रदान किया गया। साथ ही वनों के संवर्धन और संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य के लिए 08 संयुक्त वन प्रबंधन समितियों और 11 कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रीता सोरी, नगर पंचायत केशकाल अध्यक्ष बिहारी लाल शोरी, जनपद पंचायत केशकाल अध्यक्ष नंदनी पोटाई, पूर्व विधायक सेवक राम नेताम, ग्राम पंचायत बिर्रापारा, विश्रामपुरी की सरपंच राधा मरकाम, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर अध्यक्ष सुकमन नेताम, जनपद पंचायत फरसगांव अध्यक्ष मानकू राम नेताम, जिला पंचायत कोण्डागांव के उपाध्यक्ष हिरासिंह नेताम, जनपद पंचायत बड़ेराजपुर सदस्य चन्द्ररेखा मरकाम, वन मंडलाधिकारी केशकाल दिव्या गौतम, जिला पंचायत सीईओ अविनाश भोई, एसडीएम अशवन पुसाम, एसडीओ सुषमा नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, विद्यालय परिवार, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

वन महोत्सव का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना तथा समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक वृक्षारोपण एवं पौधों के संरक्षण के लिए प्रेरित करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों ने प्रकृति संरक्षण का संकल्प लेते हुए हरित एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया।