कोरबा। लगातार हो रही बारिश के चलते मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर बढ़कर 358.71 मीटर यानी 94.30 प्रतिशत तक पहुंच गया है। जलस्तर में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए मुख्य अभियंता (बिलासपुर) और अधीक्षण अभियंता (कोरबा) से चर्चा एवं अनुमति के बाद जलप्रबंधन के तहत 2 सितंबर की रात 12 बजे बांध के पांच गेट खोल दिए गए। जल संसाधन विभाग के अनुसार गेट नंबर 4 को 0.50 मीटर, गेट नंबर 5 को 0.60 मीटर, गेट नंबर 6 को 0.80 मीटर, गेट नंबर 7 को 0.60 मीटर और गेट नंबर 8 को 0.50 मीटर तक खोला गया है। वहीं गेट नंबर 1, 2, 3, 9, 10 और 11 फिलहाल बंद रखे गए हैं। कुल गेट ओपनिंग 3 मीटर है।
विभाग के मुताबिक बांध के कुल रेडियल गेटों से 17,197 क्यूसेक और हाइडल पावर प्लांट से 9,000 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया जा रहा है। इस तरह मिनीमाता बांगो बांध से हसदेव नदी में कुल 26,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं बांध में पानी की आवक 54,115 क्यूसेक दर्ज की गई है। लगातार बारिश और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा बांध की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।
पानी के बढ़ते बहाव को देखते हुए हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। संबंधित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से नदी के आसपास जाने और जलभराव वाले निचले इलाकों में अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग की ओर से जलस्तर एवं पानी के बहाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
