रीवा-सीधी मार्ग पर बड़ा हादसा, बस और बल्कर में जोरदार भिड़ंत – 12 लोगों की मौत, 20 से ज्यादा घायल

Follow Us

रीवा। रीवा-सीधी मार्ग पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बदबार स्टैंड के पास पवन एक्सप्रेस बस और बल्कर की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में 12 लोगों की मौत की खबर सामने आ रही है, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद पुलिस और राहत दल ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू कर घायलों को संजय गांधी अस्पताल रीवा पहुंचाया।

यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 39 पर बदबार स्टैंड के पास हुआ। जानकारी के अनुसार सीधी की ओर से आ रही पवन एक्सप्रेस बस और रीवा की ओर से आ रहे बल्कर के बीच आमने-सामने टक्कर हो गई।टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोटें आईं।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत गुढ़ थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया।दुर्घटना में लगभग 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल एम्बुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया है। वहीं करीब 12 लोगों की मौत की भी अपुष्ट खबर सामने आ रही है, हालांकि अभी आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।