‘हुंकार-द रोर’ में नए अंदाज में दिखेंगी अनीत पड्डा, फर्स्ट लुक पोस्टर जारी; 25 सितंबर से होगी स्ट्रीमिंग

Follow Us

मुंबई। फिल्म ‘सैयारा’ से 2025 में दर्शकों के बीच अपनी खास पहचान बनाने वाली अभिनेत्री अनीत पड्डा अब अपने नए प्रोजेक्ट ‘हुंकार-द रोर’ में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आने वाली हैं। सीरीज से उनका फर्स्ट लुक पोस्टर जारी कर दिया गया है, जिसमें अनीत बेहद सिंपल लुक में दिखाई दे रही हैं। पोस्टर में उन्होंने सूट पहना हुआ है और गले में दुपट्टा नजर आ रहा है। अनीत ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, “एक सच, एक आवाज, एक हुंकार।” सीरीज से फातिमा सना शेख, मोहम्मद जीशान अय्यूब और अर्जुन माथुर के फर्स्ट लुक भी सामने आए हैं।

‘हुंकार-द रोर’ एक रोमांचक कानूनी थ्रिलर सीरीज बताई जा रही है, जिसमें दमदार कलाकारों की टीम नजर आएगी। सीरीज में अनीत पड्डा के अलावा राम कपूर, करण कपाड़िया, हीराज मराफ्तिया और रघुबीर यादव भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। बिरला स्टूडियोज, अप्लॉज एंटरटेनमेंट, पर्पल पेबल पिक्चर्स और मंगाटा फिल्म्स के बैनर तले बनी इस सीरीज का प्रीमियर 25 सितंबर 2026 को जियोहॉटस्टार पर होगा। ‘सैयारा’ में अनीत के सादगी भरे अंदाज को पसंद करने वाले फैंस अब उनके इस नए किरदार को देखने के लिए उत्साहित हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो अनीत पड्डा के पास आने वाले समय में कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं। वह मैडॉक फिल्म्स की हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘शक्ति शालिनी’ में विशाल जेठवा और विनीत कुमार सिंह के साथ नजर आएंगी। आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी यह फिल्म फिलहाल 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। इसके अलावा ऐसी अटकलें भी हैं कि अनीत रणबीर कपूर और आलिया भट्ट स्टारर ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट टू: देव’ में अहम भूमिका निभा सकती हैं।