सारंगढ़-बिलाईगढ़। जनसंपर्क विभाग के अनुभवी अधिकारी गुलाब डड़सेना ने बुधवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में सहायक संचालक एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू से सौजन्य भेंट की और जिले में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा प्रशासन की अभिनव पहलों के प्रभावी प्रचार-प्रसार को लेकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कलेक्टर ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी सरल, सहज और समयबद्ध तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जिले की पर्यटन संभावनाओं और विकास गतिविधियों के व्यापक प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया।
गुलाब डड़सेना ने कहा कि जनसंपर्क विभाग शासन, प्रशासन और आमजन के बीच संवाद की मजबूत कड़ी है। उनकी प्राथमिकता रहेगी कि शासन की प्राथमिकताओं, जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और प्रशासनिक गतिविधियों की तथ्यपरक एवं सरल जानकारी समय पर लोगों तक पहुंचे। इसके लिए प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, वेब पोर्टल और सोशल मीडिया के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले के सूचना तंत्र को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने जनसंपर्क कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों से परिचय प्राप्त कर टीम भावना के साथ काम करने का आह्वान किया। साथ ही जिले के वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया प्रतिनिधियों से मुलाकात कर जनसरोकार से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।
गुलाब डड़सेना को जनसंपर्क विभाग में डेढ़ दशक से अधिक का अनुभव है। वर्ष 2012 से 2025 तक उन्होंने कबीरधाम जिले में विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए शासन, प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने करीब 11 कलेक्टरों के साथ काम करते हुए जनहितकारी योजनाओं और विकास कार्यों के प्रभावी प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं रायगढ़ जिले में करीब 11 माह के कार्यकाल के दौरान उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं और जिला प्रशासन की गतिविधियों से जुड़े 1200 से अधिक समाचारों के संपादन एवं प्रकाशन में योगदान दिया। इसके अलावा 100 से अधिक सफलता की कहानियों, लेख और आलेखों का लेखन एवं संपादन किया। उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें कई बार जिला स्तर पर सम्मानित भी किया जा चुका है। अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में उनके अनुभव से जनसंपर्क व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद है।
