चंडीगढ़/शिमला। हरियाणा-हिमाचल सीमा पर हथनीकुंड बैराज के पास सेना की बाढ़ बचाव एक्सरसाइज के दौरान बड़ा हादसा हो गया। अभ्यास के दौरान सेना की मोटर बोट यमुना नदी के तेज बहाव वाले डेंजर जोन में पहुंचकर पलट गई। हादसे के बाद कम से कम एक जवान के लापता होने की आशंका है, जबकि अन्य जवान सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे। सेना, पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
अंकित बालियान हत्याकांड: एनकाउंटर के डर से गैंगस्टर पम्पू की कोर्ट से गुहार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वन पैरा स्पेशल फोर्स के जवान बाढ़ राहत से जुड़े अभ्यास में हिस्सा ले रहे थे। इसी दौरान मोटर बोट का संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में पलट गई। बताया जा रहा है कि तीन जवान करीब 600 मीटर तक तैरकर सुरक्षित किनारे पहुंच गए, जबकि एक जवान तेज धारा में बह गया। कुछ रिपोर्टों में एक से दो जवानों के लापता होने की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
हादसे के बाद सेना, हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ यमुनानगर एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। डूबी हुई मोटर बोट को नदी से बाहर निकाल लिया गया है, लेकिन लापता जवान की तलाश जारी है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित जवानों की संख्या को लेकर आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।
ओबीसी क्रीमी लेयर पर SC सख्त: केंद्र को नहीं मिली राहत, जानें कब होगी अगली सुनवाई
