अटके विवाह प्रमाण पत्र की सीएम हेल्पलाइन ने कराई राह आसान, नेहा को मिली राहत

Follow Us

दुर्ग। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन का लाभ ग्राम पंचायत पहांदा (अ) की रहने वाली नेहा गेन्डरे को मिला। विवाह के बाद जरूरी शासकीय और बैंकिंग कार्यों के लिए उन्हें विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी, लेकिन आवेदन जमा करने के काफी समय बाद भी प्रमाण पत्र नहीं बन पाया था। इससे उन्हें कई जरूरी काम पूरे करने में परेशानी हो रही थी।

नेहा ने 19 अप्रैल 2026 को विवाह के बाद ग्राम पंचायत में विवाह पंजीयन के लिए आवेदन किया था। प्रमाण पत्र जारी नहीं होने के कारण बैंक से जुड़े काम और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया भी प्रभावित हो रही थी। पंचायत स्तर पर प्रयास के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विवाह पंजीयन श्रेणी में दर्ज हुई।

शिकायत मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों ने मामले पर कार्रवाई करते हुए लंबित प्रक्रिया को आगे बढ़ाया और विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र तैयार कराया। प्रमाण पत्र मिलने के बाद नेहा के लिए बैंक संबंधी काम और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्य करना आसान हो गया। समस्या के शीघ्र समाधान पर उन्होंने सीएम हेल्पलाइन के प्रति आभार जताया और कहा कि ऐसी व्यवस्था से आम लोगों को अपनी समस्याओं का समाधान पाने में मदद मिल रही है।