रायपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने सरकार पर साधा निशाना

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस ने राजधानी रायपुर सहित प्रदेश की कानून-व्यवस्था को लेकर मंगलवार को राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही हत्या और अन्य आपराधिक घटनाओं से लोगों में असुरक्षा का माहौल है। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने यहां जारी बयान में दावा किया कि राजधानी में पिछले 25 दिनों में हत्या की 16 घटनाएं हुई हैं।

उन्होंने हाल के दिनों में कथित गैंगवार से जुड़ी दो हत्याओं का उल्लेख करते हुए कहा कि रायपुर में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू होने के बावजूद अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण दिखाई नहीं दे रहा है। शुक्ला ने आरोप लगाया कि हत्या, दुष्कर्म, गोलीबारी और चाकूबाजी जैसी घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

उन्होंने रायपुर के साथ राजनांदगांव, सक्ती, कोरिया, जांजगीर-चांपा और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही सहित विभिन्न जिलों में हुई आपराधिक घटनाओं का उल्लेख करते हुए सरकार से अपराध रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि राज्य में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं।

उन्होंने रायपुर के हीरापुर और बिरगांव की घटनाओं का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पुलिस अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल रही है। इन आरोपों और कांग्रेस की ओर से प्रस्तुत अपराध संबंधी आंकड़ों पर राज्य सरकार अथवा पुलिस की प्रतिक्रिया तत्काल उपलब्ध नहीं हो सकी है।