मुंबई। कन्नड़ स्टार यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ को वीकेंड का अच्छा फायदा मिला है। शुरुआती दिनों में कमाई में गिरावट के बाद रविवार को फिल्म ने एक बार फिर बेहतर प्रदर्शन करते हुए भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 200 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी इस एक्शन थ्रिलर को हिंसक दृश्यों और महिलाओं के चित्रण को लेकर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, लेकिन इसके बावजूद दर्शकों की दिलचस्पी फिल्म में बनी हुई है। सैकनिल्क के मुताबिक, पांचवें दिन यानी रविवार को फिल्म ने करीब 23 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। इससे पहले फिल्म ने पहले दिन 101.10 करोड़, दूसरे दिन 37.65 करोड़, तीसरे दिन 27.20 करोड़ और चौथे दिन 25.15 करोड़ रुपये की कमाई की थी।
पांच दिनों में ‘टॉक्सिक’ का भारत में कुल नेट कलेक्शन 214.10 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जबकि वर्ल्डवाइड फिल्म ने करीब 285.20 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई कर ली है। फिल्म ने शुरुआती पांच दिनों की कमाई के मामले में थलापति विजय की ‘जन नायकन’ और सूर्या की ‘करुप्पु’ के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। हालांकि यश की पिछली फिल्म ‘केजीएफ: चैप्टर 2’ के शुरुआती पांच दिनों के 430.15 करोड़ रुपये के नेट कलेक्शन से यह काफी पीछे है। करीब 500 करोड़ रुपये के बजट में बनी ‘टॉक्सिक’ के सामने अब अपनी रफ्तार बनाए रखने की चुनौती है, क्योंकि इसी सप्ताह अली फजल स्टारर ‘मिर्जापुर: द मूवी’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है।
