कोरबा। पर्यावरण संरक्षण और हरित कोरबा के संकल्प को मजबूत करने के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत टी.पी. नगर जोन अंतर्गत ढोढ़ीपारा उपस्वास्थ्य केंद्र के समीप मुख्य मार्ग के किनारे वृक्षारोपण किया गया। जिला प्रशासन और नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा वन विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में निगम के अधिकारी-कर्मचारियों सहित स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न पौधों का रोपण किया।
कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में यह अभियान 18 जुलाई से लगातार संचालित किया जा रहा है। वृक्षारोपण कार्यक्रम में उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, संतोष यादव, मनमोहन, गोपी, कार्तिक राम, पूरन सहित अन्य नागरिकों ने पौधे लगाए। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने और कोरबा को अधिक हरा-भरा बनाने के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।
