० प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने खबरों को बताया निराधार
० हॉस्पिटल के बेड पर रहकर भी पार्टी गतिविधियों से जुड़े हुए हैं किरण सिंह देव
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव को पद से हटाए जाने की चर्चाओं पर पार्टी ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्राही ने इन खबरों को पूरी तरह मनगढ़ंत और निराधार बताते हुए कहा कि पार्टी में प्रदेश अध्यक्ष बदलने को लेकर किसी तरह की कोई हलचल नहीं है। उन्होंने बताया कि किरण देव की तबीयत में लगातार सुधार हो रहा है और वे जल्द ही पूरी तरह स्वस्थ होकर छत्तीसगढ़ लौटेंगे। इसके बाद वे पहले की तरह पार्टी की जिम्मेदारियां संभालते रहेंगे।
हेमंत पाणिग्राही ने कहा कि कुछ मीडिया संस्थानों में किरण देव को स्वास्थ्य कारणों से प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाए जाने और उनकी जगह किसी अन्य नेता को जिम्मेदारी दिए जाने की खबरें सामने आई थीं, लेकिन इनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किरण सिंह देव ही प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हैं और आगे भी इस पद पर बने रहेंगे। इलाज के दौरान भी किरण देव पार्टी की गतिविधियों से लगातार जुड़े हुए हैं। हाल ही में प्रदेश भाजपा की बैठक में उन्होंने दिल्ली के अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हिस्सा लिया था। इसके अलावा प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में भी ऑनलाइन जुड़कर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को दिशा-निर्देश दिए। मंडल अध्यक्षों के साथ-साथ विभिन्न मोर्चों और प्रकोष्ठों की घोषणा में भी उनकी सक्रिय भूमिका बनी हुई है।
पूर्व अपराधियों और आदतन बदमाशों की थाने में परेड, पुलिस ने दी दोबारा अपराध न करने की सख्त चेतावनी
पार्टी के प्रदेश मीडिया संयोजक ने कहा कि किरण सिंह देव के नेतृत्व में भाजपा ने छत्तीसगढ़ में मजबूती हासिल की है और उनके प्रदेश अध्यक्ष रहते विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों में पार्टी को सफलता मिली। वहीं, हाल ही में जगदलपुर के महापौर संजय पांडे भी एमआईसी सदस्य संग्राम सिंह राणा के साथ दिल्ली जाकर किरण देव से मुलाकात कर चुके हैं। इस दौरान उन्होंने जगदलपुर शहर और विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की समस्याओं तथा विकास कार्यों की जानकारी ली। संजय पांडे के मुताबिक किरण देव की सेहत में काफी सुधार हो चुका है और डॉक्टरों ने उन्हें फिलहाल आराम एवं निगरानी में रहने की सलाह दी है। जल्द ही उनके जगदलपुर लौटने की उम्मीद है।
