पानी निकासी के लिए बनाई गई वैकल्पिक व्यवस्था , कोतबा के मंदिर परिसर में जलभराव की समस्या का समाधान

Follow Us

जशपुरनगर । कोतब नगर पंचायत के वार्ड क्रमांक 09 भुरतुपारा स्थित मंदिर परिसर में बारिश के दौरान होने वाले जलभराव की समस्या को लेकर नगर पंचायत ने स्थिति स्पष्ट की है। नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने इस संबंध में प्रतिवेदन जारी कर बताया कि फिलहाल पानी निकासी के लिए अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है।नगर पंचायत के अनुसार, मंदिर परिसर में पहले से चबूतरा निर्मित है। पूर्व में मंदिर के आसपास खाली स्थान उपलब्ध था, लेकिन बाद में इस क्षेत्र में मकानों का निर्माण हो गया। इसके अलावा लोक निर्माण विभाग द्वारा कोतबा-बागबहार मार्ग का निर्माण कराया गया, जिसके कारण सड़क का स्तर मंदिर परिसर की तुलना में ऊंचा हो गया है।

प्रतिवेदन में बताया गया है कि मंदिर परिसर का चबूतरा सड़क के मुकाबले निचले स्तर पर होने के साथ पानी की निकासी के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध नहीं है। ऐसे में तेज बारिश के दौरान कुछ समय के लिए परिसर में बरसाती और नाली के पानी के जमा होने की स्थिति बन जाती है।नगर पंचायत ने बताया कि समस्या के तत्काल समाधान के लिए वर्तमान में पानी निकासी की अस्थायी वैकल्पिक व्यवस्था कर दी गई है। इससे जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

नगर पंचायत के मुताबिक, आगे लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क निर्माण कार्य के साथ नाली का निर्माण भी कराया जाएगा। नाली बनने के बाद मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र से पानी की निकासी व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से हो सकेगी।नगर पंचायत ने स्पष्ट किया कि जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए पानी निकासी सुनिश्चित की गई है।