बेंगलुरु। दलीप ट्रॉफी के पहले सेमीफाइनल में ईस्ट जोन ने सेंट्रल जोन पर मजबूत पकड़ बना ली है। सेंट्रल जोन को पहली पारी में 266 रन पर समेटने के बाद ईस्ट जोन के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 81 गेंदों में 92 रन की विस्फोटक पारी खेलकर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई। वैभव ने कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन के साथ पहले विकेट के लिए 162 रन की बड़ी साझेदारी की। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 7 छक्के जड़े और सेंट्रल जोन के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा। हालांकि, वह शतक से महज 8 रन दूर रह गए और हर्ष दुबे की गेंद पर कैच आउट हो गए।
अमेरिका-चीन के बीच भारत का बैलेंस गेम, निवेश- व्यापार पर बड़ा फोकस
दूसरे दिन लंच तक ईस्ट जोन ने दो विकेट पर 183 रन बना लिए थे। अभिमन्यु ईश्वरन अर्धशतक पूरा कर क्रीज पर डटे रहे, जबकि दूसरे छोर पर सुदीय कुमार उनका साथ निभा रहे थे। इससे पहले ईस्ट जोन के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेंट्रल जोन को 266 रन पर समेट दिया। मुकेश कुमार और अभिजीत सरकार ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी और मोहम्मद कौनेन कुरैशी ने दो-दो विकेट झटके। सेंट्रल जोन के लिए रिंकू सिंह ने 60 रन की संघर्षपूर्ण पारी खेली।
