मुंबई। यश की फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार शुरुआत करने के बाद चौथे दिन भी कमाई की, हालांकि कलेक्शन की रफ्तार लगातार धीमी होती नजर आ रही है। 26 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस पीरियड एक्शन ड्रामा को दर्शकों और समीक्षकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म ने पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 101.10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की थी, लेकिन इसके बाद दूसरे और तीसरे दिन कलेक्शन में बड़ी गिरावट देखने को मिली। सैकनिल्क के मुताबिक, 27 अगस्त को फिल्म ने 37.65 करोड़ रुपये और 28 अगस्त को 27 करोड़ रुपये का कारोबार किया। चौथे दिन यानी 29 अगस्त को फिल्म ने 24.50 करोड़ रुपये की कमाई की। इसमें हिंदी से 15.50 करोड़, कन्नड़ से 6.60 करोड़, तेलुगु से 1.50 करोड़, तमिल से 75 लाख और मलयालम से 15 लाख रुपये का कलेक्शन शामिल है। इसके साथ भारत में फिल्म का नेट कलेक्शन 190.45 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 227.50 करोड़ रुपये हो गया।
हालांकि घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार में गिरावट आई है, लेकिन इंटरनेशनल मार्केट में ‘टॉक्सिक’ मजबूत प्रदर्शन कर रही है। चौथे दिन फिल्म ने विदेशों में करीब 4 करोड़ रुपये की कमाई की, जिससे इसका ओवरसीज कलेक्शन 27.25 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। चार दिनों के बाद फिल्म की कुल वर्ल्डवाइड कमाई 254.75 करोड़ रुपये बताई जा रही है। फिल्म में यश डबल रोल में नजर आ रहे हैं और कियारा आडवाणी के साथ पहली बार उनकी जोड़ी देखने को मिली है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास ने किया है, जबकि वेंकट के. नारायण और यश इसके निर्माता हैं। फिल्म में नयनतारा, हुमा कुरैशी, तारा सुतारिया, रुक्मिणी वसंत और अक्षय ओबेरॉय भी अहम भूमिकाओं में हैं।
वहीं, इमरान हाशमी और दिशा पाटनी स्टारर ‘आवारापन 2’ ने भी बॉक्स ऑफिस पर तीसरे शनिवार को अच्छी वापसी की है। फिल्म ने पहले हफ्ते में 113.50 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था। तीसरे शुक्रवार को 1.20 करोड़ रुपये कमाने के बाद शनिवार को फिल्म की कमाई बढ़कर 1.25 करोड़ रुपये हो गई। इस बढ़त के साथ ‘आवारापन 2’ का भारत में कुल कलेक्शन 146.70 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ बनाए हुए है।
