दलदलसिवनी को मिली नई सौगात, विधायक मोतीलाल साहू ने लगभग 10 लाख के रंगमंच निर्माण का किया भूमिपूजन

Follow Us

रायपुर। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के दलदलसिवनी के लोगों को जल्द ही एक नया सार्वजनिक रंगमंच मिलने जा रहा है। सोमवार को रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू ने नगर निगम के जोन क्रमांक 9 अंतर्गत कुशभाऊ ठाकरे वार्ड क्रमांक 7 में ग्राम पंचायत भवन के पास बनने वाले नवीन रंगमंच का भूमिपूजन किया। करीब 9.98 लाख रुपये की लागत से बनने वाले इस रंगमंच का निर्माण विधायक निधि से कराया जाएगा।

भूमिपूजन कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू ने श्रीफल फोड़कर और कुदाल चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। उन्होंने मौके पर मौजूद नगर निगम के कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी तरह की देरी न हो, गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समयसीमा के भीतर इसे पूरा किया जाए, ताकि क्षेत्रवासियों को जल्द सुविधा मिल सके।

कार्यक्रम में नगर निगम के एमआईसी सदस्य खेम कुमार सेन, वार्ड पार्षद मोहन साहू, देवदत्त द्विवेदी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, महिलाएं, युवा और बड़ी संख्या में वार्डवासी मौजूद रहे। क्षेत्र के लोगों ने लंबे समय से सार्वजनिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए रंगमंच की मांग उठाई थी, जिसे अब मंजूरी मिलने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है।

एमआईसी सदस्य एवं वार्ड प्रतिनिधि खेम कुमार सेन ने वार्डवासियों की ओर से विधायक मोतीलाल साहू का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नया रंगमंच बनने से क्षेत्र में सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। स्थानीय नागरिकों ने भी उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य जल्द पूरा होगा और यह रंगमंच क्षेत्र की नई पहचान बनेगा।