पेपर लीक पर घमासान: अनुराग ठाकुर बोले- ‘माफिया को मिट्टी में मिलाएंगे’, प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

Follow Us

नई दिल्ली। पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे पर संसद में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस देखने को मिली। लोकसभा में बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी, सपा सांसद डिंपल यादव, अखिलेश यादव और कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने सरकार की नीतियों और छात्रों के विरोध प्रदर्शन को लेकर अपनी-अपनी बात रखी।

अनुराग ठाकुर ने कहा- पेपर लीक माफिया को मिट्टी में मिलाएंगे
बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर ने पेपर लीक मामले को लेकर सरकार का पक्ष रखते हुए कहा कि इस मामले में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि गांधी परिवार भारतीय परंपराओं को नहीं समझता। अनुराग ठाकुर ने कहा कि सरकार पेपर लीक माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी और उन्हें ‘मिट्टी में मिला देगी’।

अनुराग ठाकुर ने कहा, आतंकवाद और नक्सलवाद ने दशकों से इस देश को बहुत दुख पहुँचाया है और गहरे घाव दिए हैं. मोदी सरकार ने देश को इन गहरे घावों से मुक्त कराने का काम किया है. हमने आतंकवाद और नक्सलवाद को जड़ से खत्म किया है, और हम पेपर लीक की समस्या को भी जड़ से खत्म करने का काम करेंगे

अनुराग ठाकुर ने प्रियंका गांधी को दिया जवाब
प्रियंका गांधी ने राधाकृष्णन कमेटी का जिक्र करते हुए सदन में कहा कि इस कमेटी में तो एक गौमूत्र के विशेषज्ञ भी हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसे लोगों को शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जिम्मेदारी कैसे सौंपी जा सकती है. इसका जवाब देते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा, ‘प्रियंका गांधी किस तरह से भोली सी शक्ल बनाकर गुमराह करती हैं और स्पीकर को भी मुस्कराने के लिए कहती हैं. आरएसएस से होना कोई गुनाह नहीं. अगर होंगे भी तो गर्व होना चाहिए. आप भी जॉइन कर लीजिए, थोड़े संस्कार आ जाएंगे. आपके पूरे परिवार की डिग्रियां जोड़ लें तो उनके बराबर नहीं हो पाएंगी।

प्रियंका गांधी ने शिक्षा बजट और NTA पर उठाए सवाल
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने शिक्षा व्यवस्था को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा तंत्र को कमजोर किया जा रहा है और NTA को केंद्रीकृत करने से समस्याएं और बढ़ी हैं। प्रियंका गांधी ने कहा कि देश के कुल बजट में शिक्षा का हिस्सा बढ़ने के बजाय हर साल घट रहा है।

उन्होंने सरकार पर छात्रों की आवाज दबाने का आरोप लगाते हुए कहा कि छात्रों को सड़कों से हटाया जा सकता है, लेकिन उनके सवालों को नहीं। उन्होंने सरकार से कहा कि वह अपनी ‘अकड़ का इलाज’ करे और युवाओं से डरना बंद करे।

अखिलेश यादव ने धर्मेंद्र प्रधान को लेकर कसा तंज
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का जिक्र करते हुए सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि एक ‘प्रधान’ को हटाकर असल में ‘प्रधानमंत्री’ को बचा लिया गया।

डिंपल यादव और गौरव गोगोई ने उठाया प्रदर्शन का मुद्दा
सपा सांसद डिंपल यादव ने छात्रों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ कथित कार्रवाई पर सवाल उठाए और पूछा कि अब तक कितने लोगों पर दोष सिद्ध हुआ है। वहीं, गौरव गोगोई ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई का मुद्दा उठाते हुए केंद्रीय गृह मंत्री से जवाब मांगा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग किया गया और पूछा कि इसके आदेश किसने दिए थे।