गांदरबल। बाबा बर्फानी के दर्शन कर घर लौट रहे श्रद्धालुओं की यात्रा मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में बदल गई। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले के गुंड इलाके में श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क से फिसल गई और नीचे बने एक मकान पर जा गिरी। हादसे में करीब 30 यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 39 श्रद्धालु सवार थे। गनीवान क्षेत्र के पास पहाड़ी और संकरे रास्ते पर अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया, जिसके बाद बस खाई की ओर फिसलते हुए मकान से टकरा गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, आईटीबीपी, सीआरपीएफ और सेना की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों से हालात की जानकारी ली और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्रशासन के अनुसार, अधिकांश घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पहाड़ी मार्गों पर यातायात को लेकर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
