नई दिल्ली। भारत के निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को नई उड़ान देने वाली कंपनी स्काईरूट एयरोस्पेस के संस्थापक पवन चंदना और नागा भरत डाका ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह मुलाकात कंपनी के विक्रम-1 मिशन की सफलता के बाद हुई, जिसमें दोनों संस्थापकों ने प्रधानमंत्री को अपनी भविष्य की योजनाओं और स्पेस सेक्टर में अगले कदमों की जानकारी दी।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए कहा कि चर्चा के दौरान विक्रम-1 मिशन प्रमुख विषय रहा। उन्होंने कहा कि स्काईरूट की अब तक की उपलब्धियों और भविष्य के विजन को सुनकर उन्हें खुशी हुई। पीएम ने संस्थापकों की ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और सकारात्मक सोच की सराहना करते हुए कहा कि यह भारत के तेजी से बढ़ते निजी स्पेस इकोसिस्टम की मजबूत पहचान है। उन्होंने पूरी स्काईरूट टीम को शुभकामनाएं भी दीं।
हैदराबाद स्थित स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना वर्ष 2018 में पूर्व इसरो वैज्ञानिक पवन चंदना और नागा भरत डाका ने की थी। कंपनी निजी रॉकेट निर्माण और सैटेलाइट लॉन्च सेवाओं के क्षेत्र में काम कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकार के सहयोग और निजी कंपनियों की भागीदारी से भारत वैश्विक अंतरिक्ष उद्योग में अपनी स्थिति और मजबूत कर सकता है।
