प्रशांत नील की हॉरर फिल्म ‘418 द फिल्म’ का ट्रेलर टला, मेकर्स ने कहा- सही समय पर खुलेगा डर का दरवाजा

Follow Us

मुंबई। हॉरर और थ्रिलर फिल्मों के शौकीनों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। प्रशांत नील की प्रस्तुति वाली बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘418 द फिल्म’ के ट्रेलर लॉन्च को फिलहाल टाल दिया गया है। फिल्म के निर्माता मैथ्री मूवी मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि कुछ चीजें सही समय पर सामने आने पर ही बेहतर प्रभाव छोड़ती हैं।

ट्रेलर की नई रिलीज डेट जल्द घोषित की जाएगी। कीर्तन नाडागौडा के निर्देशन में बनी यह हॉरर-थ्रिलर फिल्म सस्पेंस, डर और मनोवैज्ञानिक रोमांच से भरपूर बताई जा रही है। फिल्म में सूर्या राज, चरण लक्काराजू और प्रीति पगडल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसे नवीन यरनेनी और वाई रवि शंकर ने प्रोड्यूस किया है, जबकि प्रशांत नील इसे प्रस्तुत कर रहे हैं।

मेकर्स का दावा है कि ‘418 द फिल्म’ सिर्फ कॉमेडी हॉरर तक सीमित नहीं होगी, बल्कि दर्शकों को एक गहरे साइकोलॉजिकल हॉरर अनुभव से रूबरू कराएगी। फिल्म की कहानी डर, रहस्य और तनाव के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिसे बड़े पर्दे पर एक अलग अनुभव देने की कोशिश की गई है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी दिनेश दिवाकर ने संभाली है, जबकि संगीत वेंकी जीजी और प्रोडक्शन डिजाइन उल्लास हाइदूर का है। कन्नड़-तेलुगु द्विभाषी यह फिल्म 31 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। प्रशांत नील की टीम और दमदार स्टारकास्ट के कारण फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है।