सूरजपुर। शहर में आज शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब नगर के बीच स्थित नेहरू पार्क में एक युवती पर चाकू से हमला कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
युवती की हालत गंभीर, अस्पताल में इलाज जारी
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 8 बजे नगर के नेहरू पार्क में हुई। बताया जा रहा है कि एक युवक ने पार्क में मौजूद युवती पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवती के गले पर गंभीर चोट आई है, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पार्क और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई घटना, आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
गौरतलब है कि यह पूरी घटना कोतवाली थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर हुई, जिससे शहर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तलाश तेज कर दी गई है।
फिलहाल, हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।


