रायगढ़। जिले में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ता जा रहा है। धरमजयगढ़ वन मंडल के कापू रेंज में दो रातों के भीतर हाथियों के दल ने 7 ग्रामीणों के कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दीं और कई किसानों की धान की फसल को रौंदकर नुकसान पहुंचाया। वहीं घरघोड़ा रेंज में एक हाथी ने स्कूल परिसर में पहुंचकर बाउंड्रीवाल गिरा दी। वन विभाग की टीम अब नुकसान का आकलन करने में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार-शनिवार की रात कापू रेंज के जंगल से निकलकर तीन हाथी अलोला गांव पहुंचे। यहां हाथियों ने किसान संतोष की धान की फसल को नुकसान पहुंचाने के बाद बसंती बाई, रामकुमार, लक्ष्मणराम, जगरसाय, शिवा चौहान, समोतिराम और घुरसाय के कच्चे मकानों की दीवारें तोड़ दीं।
हाथियों के गांव में पहुंचने की सूचना मिलते ही ग्रामीण सतर्क हो गए और अपने घरों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। राहत की बात रही कि इस दौरान किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
अगली रात भी हाथियों का वही दल अलोला और इदंकालो गांव के आसपास पहुंचा, जहां आदेराम राठिया, परमेश्वर, हरिशंकर, विजय राठिया, तीजराम सहित अन्य किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया। वहीं बाकारूमा रेंज के सोखमुड़ा, जमाबीरा और मदनपुर गांव में करीब 20 हाथियों के दल ने क्रिस्टोफर, विनोद और रामलाल की धान की फसल तथा शौचालय को क्षतिग्रस्त कर दिया।
इधर, रायगढ़ वन मंडल के घरघोड़ा रेंज के चारमार गांव में जंगल से निकला एक हाथी स्कूल परिसर तक पहुंच गया और अपनी सूंड से स्कूल की बाउंड्रीवाल गिरा दी। वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील करते हुए प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।
