श्रीनगर। कारगिल विजय दिवस की 27वीं वर्षगांठ पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को स्पष्ट संदेश दिया। द्रास स्थित कारगिल युद्ध स्मारक में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि, भविष्य में भारत और पाकिस्तान के बीच किसी भी बातचीत का मुख्य विषय पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाला कश्मीर (PoK) ही होगा।
राजनाथ सिंह ने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर ने दुनिया को भारत की सैन्य क्षमता और आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति का संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि, भारत अब किसी भी आतंकी गतिविधि या सीमा पार से होने वाली साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है। रक्षा मंत्री ने कारगिल युद्ध के वीर जवानों को याद करते हुए कहा कि, देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। उन्होंने कैप्टन विक्रम बत्रा और कैप्टन मनोज कुमार पांडे समेत सभी शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने कहा कि, भारत आज रक्षा, तकनीक, अंतरिक्ष और डिजिटल क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, जबकि आतंकवाद को बढ़ावा देने वाली ताकतें पीछे छूट रही हैं। राजनाथ सिंह ने आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन पर जोर देते हुए कहा कि, भारत अब आधुनिक हथियार और सैन्य उपकरण देश में ही तैयार करने की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कारगिल स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की और शौर्य विजय यात्रा को हरी झंडी दिखाई। उन्होंने कहा कि, कारगिल के वीरों का साहस युवाओं को हमेशा देशसेवा की प्रेरणा देता रहेगा।
