धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद झारखंड में सियासी घमासान: बीजेपी ने जेपीएससी -सीजीएल भर्ती गड़बड़ी पर सीएम हेमंत सोरेन से मांगा इस्तीफा

Follow Us

रांची। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद झारखंड की राजनीति में भी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी ने राज्य में कथित भर्ती अनियमितताओं को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए नैतिक जिम्मेदारी के आधार पर इस्तीफे की मांग की है। झारखंड बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने आरोप लगाया कि राज्य में JPSC, CGL और उत्पाद सिपाही भर्ती जैसी परीक्षाओं में गड़बड़ियों ने युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरह धर्मेंद्र प्रधान ने विवादों के बीच जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए पद छोड़ा, उसी तरह मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी नैतिक आधार पर फैसला लेना चाहिए।

बीजेपी का आरोप है कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं की जिम्मेदारी राज्य सरकार की है, क्योंकि कार्मिक विभाग और शिक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विभाग मुख्यमंत्री के पास हैं। पार्टी ने कहा कि युवाओं के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को जवाबदेही तय करनी चाहिए। वहीं, इस पूरे मामले पर अब सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बीजेपी जहां इसे युवाओं के भविष्य से जुड़ा मुद्दा बता रही है, वहीं सरकार की ओर से इस पर प्रतिक्रिया का इंतजार है। फिलहाल झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर राजनीतिक माहौल गर्म बना हुआ है।