झारखंड बाइक ब्लास्ट केस में एनआईए का बड़ा ऑपरेशन: 2 आरोपी गिरफ्तार, 1600 डेटोनेटर और रु.16 लाख नकद बरामद

Follow Us

रांची। झारखंड के चर्चित बाइक ब्लास्ट मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोडरमा जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान एजेंसी ने 1600 से अधिक डेटोनेटर, रु.16 लाख नकद, विभिन्न भूखंडों से जुड़े 22 दस्तावेज और कई अहम रिकॉर्ड जब्त किए हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई विस्फोटकों की कथित तस्करी और अवैध भंडारण से जुड़े नेटवर्क की जांच के तहत की गई।

एनआईए की दो टीमों ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से डोमचांच क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। इस दौरान नवादा स्थित एक मैगजीन हाउस के संचालक शंकर यादव और उनके सहयोगी महेश मेहता को हिरासत में लिया गया। जांच एजेंसी का दावा है कि प्रारंभिक जांच में इस इलाके से विस्फोटकों के अवैध भंडारण और आपूर्ति के संकेत मिले हैं। पूछताछ के जरिए एनआईए पूरे सप्लाई नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, इस मामले की जड़ें वर्ष 2024 में पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में दर्ज विस्फोटक भंडारण के एक मामले से जुड़ी हुई हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।