चेन्नई। चेन्नई के अड्यार इलाके में स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की NRI शाखा में कथित मारपीट का मामला सामने आया है। तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की पोती और पूर्व केंद्रीय मंत्री एम.के. अलागिरी की बेटी कयालविझी अलागिरी के खिलाफ बैंक मैनेजर से अभद्रता और थप्पड़ मारने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार, घटना बैंक मैनेजर के केबिन में हुई, जहां कयालविझी एक व्यावसायिक भवन में खराब पड़ी लिफ्ट की मरम्मत को लेकर बातचीत करने पहुंची थीं। बताया जा रहा है कि इसी इमारत में SBI की शाखा संचालित होती है और भवन की मालिक कयालविझी हैं। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों में तीखी बहस हो गई, जिसके बाद कयालविझी पर बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने का आरोप लगा।
पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद बैंक मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस घटना ने राज्य के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा तेज कर दी है।
