शराब के नशे में स्कूल पहुंचे शिक्षक का वीडियो वायरल, ग्रामीणों ने BEO से की कार्रवाई की मांग

Follow Us

सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत पहाड़करवां स्थित प्राथमिक शाला से एक शिक्षक का शराब के नशे में स्कूल पहुंचने का मामला सामने आया है। शिक्षक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और उन्होंने शिक्षा विभाग से कार्रवाई की मांग की है। वायरल वीडियो में शिक्षक नशे की हालत में लड़खड़ाते हुए नजर आ रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल में शिक्षक के नशे में होने की सूचना मिलने पर सरपंच और ग्रामीण मौके पर पहुंचे थे। इस दौरान शिक्षक स्कूल में अपनी हाजिरी लगाने के लिए मोबाइल लोकेशन तलाशते दिखाई दिए।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिक्षक की इस तरह की लापरवाही से स्कूल की शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों की पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ रहा है। मामले को लेकर ग्रामीणों ने घटनास्थल पर पंचनामा तैयार कर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) से शिकायत की है। उन्होंने शिक्षा विभाग से पूरे मामले की जांच कर संबंधित शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, वायरल वीडियो और शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।