राष्ट्रमंडल खेलों से बाहर हुईं तुलिका मान, नाडा के निलंबन से भारत को बड़ा झटका

Follow Us

नई दिल्ली। ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 से पहले भारतीय जूडो टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार जूडो खिलाड़ी और पिछले संस्करण की रजत पदक विजेता तुलिका मान को अस्थायी निलंबन के कारण प्रतियोगिता से बाहर कर दिया गया है। राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (NADA) ने पिछले 12 महीनों में तीन बार ‘वेयरअबाउट्स’ यानी अपनी लोकेशन की अनिवार्य जानकारी समय पर उपलब्ध नहीं कराने के चलते यह कार्रवाई की है। विश्व एंटी-डोपिंग एजेंसी (WADA) के नियमों के अनुसार, 12 महीने के भीतर तीन बार ऐसी चूक होने पर खिलाड़ी को अस्थायी रूप से निलंबित किया जा सकता है। जूडो फेडरेशन ऑफ इंडिया ने भी इस फैसले को भारतीय टीम के लिए बड़ा नुकसान बताया है।

तुलिका की अनुपस्थिति भारतीय जूडो टीम के लिए इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि उन्होंने 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में महिलाओं के 78+ किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता था। मौजूदा नियमों के तहत डोपिंग संबंधी मामलों में बाहर हुए खिलाड़ी की जगह किसी अन्य खिलाड़ी को शामिल नहीं किया जा सकता। 31 जुलाई से शुरू होने वाली जूडो स्पर्धाओं से पहले यह घटनाक्रम भारत की पदक उम्मीदों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। अब भारतीय टीम को अपने अन्य खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।