तीसरी दौर की बैठक से पहले CJP को झटका, अभिजीत दिपके टाइफाइड से पीड़ित; बोले- आंदोलन रहेगा जारी

Follow Us

नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके ने जानकारी दी है कि वह टाइफाइड से पीड़ित हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी स्वास्थ्य स्थिति के बारे में बताया और कहा कि बीमारी के बावजूद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन जारी रहेगा। अभिजीत दिपके ने बताया कि मेडिकल जांच के बाद उनकी ब्लड रिपोर्ट में टाइफाइड की पुष्टि हुई है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और डॉक्टरों की निगरानी में उन्हें दवाएं दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां उनके संकल्प को कमजोर नहीं कर सकतीं और आंदोलन अपने तय लक्ष्य तक जारी रहेगा।

दिपके ने वीडियो संदेश में कहा, “मैं पिछले कुछ दिनों से बीमार हूं। मेरी मेडिकल रिपोर्ट आ गई है और मुझे टाइफाइड होने की पुष्टि हुई है। फिलहाल इलाज चल रहा है, लेकिन आंदोलन नहीं रुकेगा।” उन्होंने CJP कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि देशभर से मिल रहा समर्थन उनके लिए प्रेरणा है। उन्होंने दोहराया कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तक संगठन अपनी मांगों को लेकर संघर्ष जारी रखेगा। यह घटनाक्रम CJP और सरकार के बीच प्रस्तावित तीसरे दौर की बैठक से पहले सामने आया है। इससे पहले CJP की ओर से कहा गया था कि अगर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर सरकार जल्द स्पष्ट रुख नहीं अपनाती है तो आंदोलन को और तेज किया जा सकता है।

वहीं, CJP एक्टिविस्ट आशुतोष रांका ने बताया कि केंद्रीय मंत्रियों जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह के साथ हुई बैठक सकारात्मक रही। उनके अनुसार, NEET विवाद से प्रभावित परिवारों को मुआवजा और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों जैसे मुद्दों पर बातचीत आगे बढ़ी है। हालांकि, उन्होंने कहा कि संगठन अभी भी शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग पर सरकार के आधिकारिक जवाब का इंतजार कर रहा है।

बता दें कि CJP के नेतृत्व में 20 जून से दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी है। संगठन NEET परीक्षा में कथित पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही और अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। इस बीच दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रही फर्जी खबरों को लेकर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने एक वायरल पोस्ट को फर्जी बताया, जिसमें अभिजीत दिपके की मौत का दावा किया गया था। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बिना पुष्टि किए किसी भी खबर को साझा न करें।