गाना गाते-गाते प्रोफेसर को आया हार्ट अटैक, यूनिवर्सिटी कार्यक्रम में हुई मौत

Follow Us

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान छात्र कल्याण अधिष्ठाता (डीएसडब्ल्यू) प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई। घटना के बाद कार्यक्रम को तत्काल रोक दिया गया और परिसर में शोक का माहौल छा गया। जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल के पांच वर्षीय कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर एक समारोह आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कई प्राध्यापक और अधिकारी शामिल हुए थे।

कार्यक्रम के दौरान प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह मंच पर गाना गा रहे थे। प्रस्तुति के बाद उन्होंने अचानक असहज महसूस किया और बाथरूम की ओर चले गए। कुछ देर बाद जब वे वापस नहीं लौटे तो अन्य लोगों ने जाकर देखा, जहां वे अचेत अवस्था में गिरे मिले। उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया, लेकिन जांच में उनकी मृत्यु की पुष्टि हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मौत हार्ट अटैक आने से हुई है। घटना के बाद कार्यक्रम को तत्काल बंद कर दिया गया। प्रो. शैलेंद्र कुमार सिंह के निधन की खबर से विश्वविद्यालय परिवार और शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।